उत्तर प्रदेश

 दुखद खबर, टैंकर से टकराने के बाद आग का गोला बना डंपर, दोनों चालक जिंदा जले

औरैया:- थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 265 किलोमीटर पर आशा गांव के सामने शुक्रवार की दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। चित्रकूट की तरफ जा रहा एक खाली डंपर सड़क पर पौधों को पानी डालने वाले टैंकर से टकरा गया।  टक्कर इतनी तेज थी कि डंपर आग का गोला बन गया। देखते ही देखते डंपर की केबिन में मौजूद एक चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, तो वहीं किसी तरह से केबिन से नीचे गिरे गंभीर रूप से झुलसे दूसरे चालक को यूपीडा की एंबुलेंस से 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दूसरे चालक को भी मृत घोषित कर दिया।  वहीं देर से फायर ब्रिगेड व पुलिस के पहुंचने से आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका घेराव किया। साथ ही एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के समझाने पर वह मान गए। मैनपुरी से सामान डालकर लौट रहा खाली डंपर अछल्दा थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के 265 किलोमीटर पर आशा गांव के सामने जैसे ही पहुंचा। तभी सड़क पर लगे पौधों को पानी डालने के लिए खड़े टैंकर से अचानक से टकराता हुआ निकला। टकराने से निकली तेज चिंगारी से डंपर ने आग पकड़ ली। चालक जब तक कुछ समझ पाता तभी अगला टायर भी तेज आवाज के साथ फट गया। इससे डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया।

इससे डंपर का डीजल टैंक फट गया। इससे आग और भड़क गई और आग ने केबिन को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे केबिन में रखे कपड़े आदि सामान जलने लगा। डंपर चला रहे चालक ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह सीट से ही नहीं हट पाया। देखते ही देखते वह सीट पर ही आग में जिंदा जलकर चिपक गया। केबिन में मौजूद दूसरे चालक ने जब तक केबिन खोला, वह भी बुरी तरह से आग से झुलस गया।
केबिन खुलते से दूसरा चालक झुलसी हालत में डंपर से बाहर आ गिरा। उधर जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची यूपीडा की एंबुलेंस से घायल चालक को शहर के 50 शैया युक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दूसरे चालक को भी मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

देर से पहुंची एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड

घटना से आक्रोशित आशा गांव के ग्रामीणों ने देर से पुलिस, एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड के पहुंचने पर उनको घेर लिया। साथ ही एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद सीओ सिटी महेंद्र प्रताप, सीओ बिधूना अशोक कुमार, कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र राठी, थानाध्यक्ष अछल्दा पुलिस के समझाने के बाद सभी शांत हो गए। इधर लोगों ने डंपर की बॉडी पर लिखे नंबर को मिलाकर जब बात की तो फोन पर बात करने वाले ने बताया कि डंपर मैनपुरी सामान लेकर भेजा था। जहां से सामान डालकर वापस लौट रहा था। डंपर में दो चालक थे। इसमें दोनों चालक मौरारा भिंड मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। बताया कि घटना के समय शिष्यपाल 45 पुत्र जिलेदार डंपर चला रहा था। जबकि दूसरा चालक सोनू भदौरिया 40 डंपर में सो रहा था। आग लगने से शिष्यपाल ने अपने को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हड़बड़ाट में केबिन का दरवाजा न खुलने और शिष्यपाल के सीट से न हट पाने के चलते उसकी आग की चपेट में आने से जिंदा जलकर मौत हो गई।

दूसरा चालक सोनू भदौरिया बुरी तरह से झुलकर केबिन से बाहर आकर गिरा। वहीं घटना की सूचना मिलते ही यूपीडा की एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। जहां घायल को एंबुलेंस से शहर के 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सीओ बिधूना अशोक कुमार ने बताया कि बुंदेखंड एक्सप्रेसवे पर डंपर आगे पेड़ों में पानी डाल रहे टैंकर से टकराकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। जिससे उसमें आग लग गई। जिसमें एक चालक की केबिन में जलकर मौत हो गई। जबकि दूसरे चालक की गंभीर हालत में अस्पताल में मौत हो गई। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शवों को मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News