देहरादून में स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ कैश बरामद

देहरादून में स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ कैश बरामद, आयकर विभाग की जांच शुरू

देहरादून में कैंट थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। यह रकम वाहन में बने एक सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखी गई थी। मामले के सामने आने के बाद पुलिस और आयकर विभाग दोनों अलर्ट मोड में आ गए हैं। फिलहाल वाहन को सीज कर दिया गया है और तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।

चेकिंग के दौरान पकड़ी गई संदिग्ध स्कॉर्पियो

पुलिस के मुताबिक 15 मई को कैंट थाना पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर रोड पर नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन को रोककर जांच की गई। वाहन में तीन लोग सवार थे। चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी गुजरात बताया। उसके साथ ठाकुर जसवंत संघ बनाजी और सचिन पटेल भी मौजूद थे, जो गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

दस्तावेज न दिखाने पर बढ़ा शक

पुलिस ने जब वाहन से संबंधित दस्तावेज और यात्रा की जानकारी मांगी तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ के दौरान वह बार-बार गोलमोल जवाब देने लगा, जिससे पुलिस को शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर चालक ने खुलासा किया कि वाहन में भारी मात्रा में नकदी रखी गई है। उसने बताया कि गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच एक सीक्रेट केबिन बनाया गया है, जिसमें कैश छिपाया गया है।

सीक्रेट केबिन से निकले नोटों के बंडल

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आयकर विभाग को भी सूचना दी गई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर और आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो में बने गुप्त केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई। नोटों के बंडल देखकर मौके पर मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए।

बनारस से लाया गया था कैश

पुलिस पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और इसे जसवंत नाम के व्यक्ति को सौंपना था। हालांकि नकदी से जुड़े कोई वैध दस्तावेज या हिसाब-किताब वाहन सवार लोग नहीं दिखा सके। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और नकदी के स्रोत की जांच की जा रही है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *