PSEB 10वीं रिजल्ट 2026 आउट, 94.52% छात्र हुए पास

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। छात्र अब अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस साल फरीदकोट के जैतो स्थित सरस्वती स्कूल की छात्रा हरलीन शर्मा ने पूरे पंजाब में पहला स्थान हासिल किया है। हरलीन ने 650 में से 646 अंक प्राप्त कर प्रदेश टॉप किया। वहीं रोपड़ के मणिमहेश शर्मा और होशियारपुर की रिया रानी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। दोनों छात्रों ने 645 अंक हासिल किए।

बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार इस बार 10वीं का कुल परिणाम 94.52 प्रतिशत रहा। लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों की तुलना में बेहतर रहा। लड़कियों का पास प्रतिशत 95.96 फीसदी जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 93.23 फीसदी दर्ज किया गया।

सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 94.45 प्रतिशत रहा, जबकि निजी स्कूलों का परिणाम 95.97 प्रतिशत दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और ग्रामीण क्षेत्र का पास प्रतिशत 95.35 फीसदी रहा, जबकि शहरी क्षेत्र का परिणाम 92.98 प्रतिशत रहा।

इस वर्ष करीब 2.84 लाख छात्रों ने पंजाब बोर्ड की 10वीं परीक्षा दी थी। परीक्षाएं 1 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित की गई थीं। रिजल्ट से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए छात्र बोर्ड की हेल्पलाइन 9549161161 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *