उत्तराखण्ड

Haridwar Rain Alert: भारी बारिश से बढ़ा गंगा का जलस्तर, चेतावनी निशान पार; बाढ़ चौकियां अलर्ट

हरिद्वार: उत्तराखंड में देर रात से जारी तेज बारिश ने हरिद्वार में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं पहाड़ों में हो रही भारी बारिश और अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से गंगा नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ा है। भीमगोड़ा बैराज पर गंगा चेतावनी के निशान को पार कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर 293.10 मीटर दर्ज किया गया। गंगा का चेतावनी स्तर 293 मीटर, जबकि खतरे का निशान 294 मीटर निर्धारित है। ऐसे में जलस्तर खतरे के निशान से महज 0.90 मीटर नीचे है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन की नजर

गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ने को देखते हुए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा में अतिरिक्त पानी पहुंच रहा है, जिससे हरिद्वार में जलस्तर बढ़ रहा है। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी भीमगोड़ा बैराज पर गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश का दौर जारी रहने पर जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।

निचले इलाकों में बाढ़ चौकियां अलर्ट

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए हैं। लोगों से गंगा के किनारे जाने से बचने की अपील की गई है। यूपी सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि बारिश लगातार जारी रहती है तो गंगा का जलस्तर और बढ़ सकता है।

शहर के कई इलाकों में जलभराव

लगातार बारिश के कारण हरिद्वार के भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड़, कनखल और लाटोवाली समेत कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर जल निकासी का काम कर रही हैं। संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने दिए सतर्क रहने के निर्देश

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग और पुलिस प्रशासन को किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News