चंपावत में गीता धामी ने उठाया लैंड जिहाद और धर्मांतरण का मुद्दा, बोलीं- सत्यापन से सामने आ रही कई बातें

देहरादून:- उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। दोनों दल लगातार जनता के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच सावन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से सावन उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी ने शिरकत की और महिलाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान गीता धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने लैंड जिहाद, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में नियम-कानूनों का होना जरूरी है और सरकार प्रदेश की आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर उत्तराखंड बनाने की दिशा में काम कर रही है।
यूसीसी को लेकर गीता धामी ने कही ये बात
गीता धामी ने कहा कि उत्तराखंड में लागू किए गए समान नागरिक संहिता (UCC) के जरिए बेटियों को समान अधिकार देने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने प्रदेश को लैंड जिहाद से बचाने के लिए भी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उनके अनुसार प्रदेश में 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि पर कब्जे की बात सामने आई थी, जिसे लैंड जिहाद का नाम दिया गया। साथ ही उन्होंने प्रदेश में चल रहे सत्यापन अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस कार्रवाई में कई ऐसे लोग सामने आ रहे हैं, जिनकी पहचान और उत्तराखंड में मौजूदगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सत्यापन अभियान का भी किया जिक्र
महिलाओं को संबोधित करते हुए गीता धामी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर प्रदेश में रह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों द्वारा कथित तौर पर सरकारी जमीनों पर कब्जा करने, धर्मांतरण और लव जिहाद जैसी गतिविधियों में शामिल होने की बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग कथित तौर पर हिंदू नाम और धार्मिक पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। गीता धामी ने कहा कि सत्यापन अभियान के जरिए ऐसे मामलों की जानकारी सामने आ रही है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक रहें और अपने आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें। उनके मुताबिक, आम लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के हित में जरूरी कदम उठा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और बेहतर उत्तराखंड मिल सके।
मदरसों और धर्मांतरण कानून का भी किया जिक्र
गीता धामी ने मुख्यमंत्री धामी सरकार की ओर से अल्पसंख्यक शिक्षा बोर्ड और मदरसों से जुड़े फैसलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अवैध मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश में लागू किए गए धर्मांतरण कानून को भी सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया। सावन उत्सव के मंच से दिए गए इस संबोधन में गीता धामी ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सत्यापन अभियान और सरकार की विभिन्न नीतियों को लेकर अपनी बात रखी। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चंपावत में आयोजित यह कार्यक्रम राजनीतिक रूप से भी चर्चा में रहा।




