उत्तराखंड पुलिस में बड़ा फेरबदल, IPS समेत 15 अधिकारियों को नई तैनाती

देहरादून: उत्तराखंड पुलिस विभाग में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। विभाग की ओर से एक IPS अधिकारी समेत कुल 15 पुलिस अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। यह आदेश सोमवार को जारी किए गए। जारी आदेश के मुताबिक, IPS अधिकारी देव व्रत जोशी को सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर हरिद्वार भेजा गया है। वहीं पदोन्नति के बाद रजेश साह को बागेश्वर, प्रदीप पंत को 40वीं वाहिनी PAC हरिद्वार और नदीम अतहर को IRB द्वितीय देहरादून में नई जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा प्रशिक्षण पूरा करने वाले 10 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) को भी राज्य के अलग-अलग जिलों और इकाइयों में तैनाती दी गई है। अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से संभालने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल के तहत अधिकारियों को उनकी नई तैनाती के अनुसार कार्यभार ग्रहण करना होगा। विभागीय आदेश के बाद संबंधित जिलों और पुलिस इकाइयों में नई पोस्टिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है।



