हिमाचल प्रदेश

गर्मी बढ़ते ही सैलानियों का हिमाचल प्रदेश में उमड़ा रुझान, पर्यटन स्थल गुलजार

हिमाचल प्रदेश:-  मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ते ही सैलानियों ने हिमाचल प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। भारी संख्या में सैलानी प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। 15 अप्रैल से शुरू होने वाले समर टूरिस्ट सीजन से एक सप्ताह पहले ही पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। वीकेंड पर शिमला और मनाली में सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी। चायल और कसौली में सैलानियों की बढ़ी संख्या से ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आई। समर टूरिस्ट सीजन से पहले ही पर्यटन स्थलों पर 40 फीसदी तक कमरों की एडवांस बुकिंग हो गई है।

शिमला, कुफरी, नारकंडा, मनाली, धर्मशाला, खज्जियार में सबसे अधिक होटलों में एडवांस बुकिंग हो रही है। शिमला के नारकंडा और मनाली के नार्थ पोर्टल पर बर्फ सैलानियों को आकर्षित कर रही है। वीकेंड पर शिमला में पूरे दिन सैलानियों का जमावड़ा लगा रहा। सर्कुलर रोड को मालरोड से जोड़ने वाली पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट के बाहर पूरे दिन सैलानियों की लंबी कतारें लगी रहीं। रिज मैदान और मालरोड पर सैलानियों ने चहलकदमी का लुत्फ उठाया। कुफरी और नारकंडा में भी रविवार को सैलानियों की खूब भीड़ जुटी। उधर, वीकेंड पर पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज में पर्यटकों की आवाजाही कम रही। निजी होटलों में करीब 30 फीसदी और पर्यटन निगम के होटलों में 50 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी रही।

ऑल हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि शिमला के नारकंडा और मनाली के नॉर्थ पोर्टल पर बर्फ सैलानियों को आकर्षित कर रही है। मैदानी राज्यों में गर्मी बढ़ने के बाद सैलानियों ने बड़ी संख्या में हिमाचल पहुंचना शुरू कर दिया है। समर टूरिस्ट सीजन में इस साल अच्छे कारोबार की उम्मीद है। शिमला में सैलानियों की संख्या बढ़ने के बाद कालका-शिमला के बीच चलने वाली सभी ट्रेनें पैक हो गई हैं। आगामी 15 मई तक सभी गाड़ियों में वेटिंग चल रही है। कालका से शिमला आने के लिए सैलानी रेल मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं। ट्रेनों में एडवांस बुकिंग चल रही है। हिमालयन क्वीन में सबसे अधिक वेटिंग चल रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News