मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी स्थित एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। कॉलेज प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंगलवार शाम से कॉलेज में आदर्श आचार संहिता लागू किए जाने की तैयारी है, जिसके बाद परिसर में चुनावी सरगर्मियां और बढ़ने की संभावना है। एमपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार के अनुसार, मंगलवार शाम चार बजे कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी जाएगी। इसके बाद प्रशासन की विशेष बैठक आयोजित होगी, जिसमें छात्रसंघ चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं और आगामी कार्यक्रम पर चर्चा कर निर्णय लिए जाएंगे।
29 सितंबर को मतदान की तैयारी
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, विश्वविद्यालय स्तर पर 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में एमपीजी कॉलेज में भी इसी दिन मतदान कराने की तैयारी है। संभावित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को नामांकन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। मतदान के बाद उसी दिन मतगणना कर देर शाम तक परिणाम घोषित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अंतिम कार्यक्रम कॉलेज प्रशासन की बैठक और संबंधित दिशा-निर्देशों के आधार पर तय किया जाएगा।
एसडीएम की निगरानी में होगा चुनाव
एमपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव कॉलेज प्रशासक एवं एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और अनुशासन को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार, मतदान के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति को कॉलेज परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। चुनावी प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए परिसर में निगरानी भी बढ़ाई जाएगी।
वैध पहचान पत्र से ही मतदान
छात्रसंघ चुनाव में मतदान का अधिकार उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके पास कॉलेज की ओर से जारी वैध पहचान पत्र होगा। मतदान से पहले छात्रों के पहचान पत्र की जांच की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से चुनाव संबंधी नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
पुलिस से मांगा गया सहयोग
चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन ने मसूरी पुलिस से भी पत्राचार किया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि बाहरी या असामाजिक तत्वों की वजह से चुनावी माहौल प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। कॉलेज परिसर और आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग लिया जाएगा। प्राचार्य डॉ. सुनील पंवार ने कहा कि विश्वविद्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और चुनाव संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।