बैरागीवाला हिंसा पर AIMIM की एंट्री, नय्यर काजमी ने उठाए सवाल

विकासनगर के बैरागीवाला गांव में भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या के बाद हुई हिंसा, तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष नय्यर काजमी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है।

नय्यर काजमी ने भाजपा नेता विनोद कश्यप की हत्या को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए।

हालांकि, काजमी ने हत्या के बाद हुई तोड़फोड़ और बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि किसी पर आरोप हैं तो पुलिस जांच कर सबूतों के आधार पर कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार देता है और किसी भी कार्रवाई में कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। काजमी ने मांग की कि हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं की भी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने प्रशासन से गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *