उत्तराखण्ड

हरिद्वार में युवक पर फायरिंग के दौरान युवती को लगी गोली, गंभीर हालत में AIIMS रेफर

हरिद्वार:- शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही युवती गोली की चपेट में आ गई। गोली युवती के बाजू में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एम्स रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

युवक को निशाना बनाने पहुंचे थे हमलावर

पुलिस के मुताबिक, घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली है और हरिद्वार के खन्नानगर स्थित एक जिम में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती है। बताया गया है कि वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, अंश के खिलाफ पहले से मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। शुक्रवार रात कुछ युवक अंश को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे।

फायरिंग के दौरान युवती को लगी गोली

पुलिस की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने अंश पर गोली चलाने की कोशिश की। इसी दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और प्रत्यक्ष जानकारी के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सीओ सिटी सिसुपाल सिंह नेगी ने बताया कि झगड़े के दौरान गोली चलने से युवती घायल हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। फिलहाल पुलिस फायरिंग की वजह, हमलावरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button