उत्तराखण्ड

नेपाल में बाढ़ का असर! शारदा नदी को लेकर चम्पावत प्रशासन अलर्ट

खटीमा/चम्पावत:-  नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के कारण सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल में आपदा की स्थिति का असर उत्तराखंड के चम्पावत जिले के सीमावर्ती इलाकों पर पड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन शारदा नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है। टनकपुर में SDRF को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शारदा बैराज, शारदा घाट और नदी किनारे स्थित संवेदनशील व निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी और तटीय क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है।

शारदा घाट और बैराज पर SDRF की लगातार निगरानी

नेपाल में भारी वर्षा और बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए सेनानायक SDRF के निर्देश पर टनकपुर में SDRF टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जवान शारदा घाट, शारदा बैराज समेत संवेदनशील तटीय और निचले क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। SDRF टीम स्थानीय लोगों, यात्रियों और मछुआरों को नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना के प्रति जागरूक कर रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी और घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचें।

जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे तैयार SDRF

किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए SDRF टीम आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे मुस्तैद है। जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करने की तैयारी की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।

नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नदियों के जलस्तर की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से भी हालात पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, शारदा घाट और तटीय क्षेत्रों के पास जाने से बचने की अपील की है।

बच्चों और पशुओं को भी नदी किनारे न ले जाने की अपील

प्रशासन ने जनपदवासियों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। बच्चों और पशुओं को भी नदी तटों से दूर रखने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासन की सतर्कता लगातार बढ़ाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News