गिरफ्तारी की मांग के बीच कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने मांगी माफी

हरिद्वार की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ लक्सर कोतवाली में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चैंपियन ने एक व्यक्ति के साथ फोन पर बातचीत के दौरान कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। यह ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। शुरुआत में प्रणव सिंह चैंपियन ने वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से तैयार किया गया बताया और अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज किया। उनका कहना था कि उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की गई थी और उनकी गाड़ी को भी टक्कर मारी गई थी। हालांकि मामला लगातार बढ़ने और पुलिस जांच शुरू होने के बाद अब उन्होंने पीड़ित पक्ष से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए एक वीडियो भी जारी किया है।

जानकारी के अनुसार शांतरशाह गांव निवासी जोगेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में बताया गया कि 22 जून की शाम उनके बहनोई संजीव कुमार के साथ लौटते समय रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया था। बाद में इसी घटना को लेकर जब बातचीत हुई तो आरोप है कि फोन पर प्रणव सिंह चैंपियन ने अपशब्द कहे, जातिसूचक टिप्पणी की और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के सामने आने के बाद भीम आर्मी समेत कई दलित संगठनों ने चैंपियन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। बढ़ते विरोध और गिरफ्तारी की मांग के बीच चैंपियन द्वारा माफी मांगने का वीडियो सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *