चमोली में बड़ा भूस्खलन, नीति-मलारी हाईवे पूरी तरह बंद

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत-चीन सीमा को जोड़ने वाले नीति-मलारी नेशनल हाईवे (NH-107B) पर भारी भूस्खलन होने से मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। हाईवे बंद होने से सीमांत नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर लाता और सालधार क्षेत्र के पास अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। देखते ही देखते हाईवे बंद हो गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भूस्खलन के दौरान पहाड़ से लगातार पत्थर गिरते देख आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मशीनों की मदद से मार्ग खोलने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने की वजह से राहत कार्य में दिक्कत आ रही है। हाईवे बंद होने से नीति घाटी के कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *