हरियाणा

हरियाणा की आंगनबाड़ी वर्कर्स के लिए बड़ी खबर, हर महीने 7 तारीख तक मानदेय देने का आश्वासन

चंडीगढ़:- हरियाणा की आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स के लिए राहत की खबर सामने आई है। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने वीरवार को महिला एवं बाल विकास निदेशालय के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को उठाया। बैठक में मानदेय में देरी और हेल्परों की पदोन्नति के बाद रिक्त पदों पर समायोजन समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

हर महीने 7 तारीख तक जारी होगा मानदेय

बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समय पर मानदेय नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि हर महीने की 7 तारीख तक आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स का मानदेय जारी करने का प्रयास किया जाएगा। यूनियन की ओर से लंबे समय से मानदेय समय पर जारी करने की मांग उठाई जा रही है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मानदेय में देरी होने से कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

हेल्परों के प्रमोशन के बाद खाली पदों पर होगा समायोजन

बैठक में आंगनबाड़ी हेल्परों की वर्कर पद पर पदोन्नति से खाली होने वाले पदों का मुद्दा भी सामने आया। विभाग की ओर से बताया गया कि पदोन्नति के बाद रिक्त पदों पर समायोजन की प्रक्रिया 30 सितंबर तक पूरी की जाएगी। इस फैसले से उन पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है, जो हेल्परों के वर्कर पदों पर प्रमोशन के बाद खाली होंगे।

मंत्री श्रुति चौधरी से नहीं हो सकी वार्ता

यूनियन की राज्य प्रधान रूपा राणा और सचिव बिजनेश राणा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी के साथ वार्ता नहीं हो सकी। हालांकि, विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक में यूनियन ने अपनी समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी भी मौजूद रहे। यूनियन प्रतिनिधियों के मुताबिक विभागीय अधिकारियों के आश्वासन के बाद अब मानदेय भुगतान और रिक्त पदों पर समायोजन से जुड़े फैसलों के अमल का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button