हरिद्वार की सब्जी मंडी में अचानक सड़क पर गिरा युवक, मौके पर मौत; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज – Parvat Sankalp News

हरिद्वार की सब्जी मंडी में अचानक सड़क पर गिरा युवक, मौके पर मौत; पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र की सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुंचे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक मंडी में पैदल चल रहा था, तभी अचानक सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अचानक सड़क पर गिरा युवक

बताया जा रहा है कि बहादराबाद निवासी युवक सुबह सब्जी खरीदने के लिए ज्वालापुर सब्जी मंडी पहुंचा था। वह मंडी में पैदल चल रहा था, इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह सड़क पर गिर गया। युवक को गिरता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की और पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस को भी बुलाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों को भी सूचित किया गया। युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी में एक युवक के अचानक सड़क पर गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *