भारी बारिश का असर, KC Venugopal की फ्लाइट 3 घंटे लेट

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल का 9 जुलाई से शुरू होने वाला दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उनका यात्रा कार्यक्रम प्रभावित हो गया। खराब मौसम की वजह से उनकी फ्लाइट करीब तीन घंटे देरी से चलने लगी, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए देहरादून पहुंचने का फैसला किया। इस दौरे के दौरान केसी वेणुगोपाल प्रदेश कांग्रेस संगठन की समीक्षा करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करेंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष जोर रहेगा।
पार्टी नेतृत्व इस दौरे को चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देख रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि खराब मौसम के कारण यात्रा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। पहले केसी वेणुगोपाल को सुबह 9:50 बजे देहरादून पहुंचना था और दोपहर 12 बजे से प्रदेश कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन फ्लाइट में देरी होने के कारण कार्यक्रम का समय बदला गया है। अब वे सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचकर निर्धारित बैठकों में शामिल होंगे। इससे पहले कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा बुधवार को ही देहरादून पहुंच चुकी हैं। उन्होंने प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। अब केसी वेणुगोपाल के पहुंचने के बाद संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर अहम फैसले लिए जाने की संभावना है।




