उत्तराखण्ड

देहरादून में ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ का असर, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 गिरफ्तार; 55 वाहन सीज

देहरादून: शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हुड़दंगियों और अराजक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ के तहत रविवार रात बड़े स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नगर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सीमावर्ती चौकियों, आंतरिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अचानक चेकिंग की। अभियान के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 21 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके सभी 21 वाहनों को सीज कर दिया। इसके अलावा काले शीशे लगाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 34 अन्य वाहनों को भी सीज किया गया। इस तरह अभियान में कुल 55 वाहन सीज किए गए।

700 से ज्यादा वाहनों की चेकिंग

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त की रात चलाए गए अभियान के दौरान अलग-अलग टीमों ने 700 से अधिक वाहनों की जांच की। इस दौरान 900 से ज्यादा लोगों से पूछताछ और सत्यापन किया गया। संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए या अनावश्यक रूप से रात में घूम रहे 57 संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने 53 वाहन चालकों के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और उनसे कुल 32,500 रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं, 47 वाहनों के कोर्ट चालान भी किए गए।

84 लोगों पर पुलिस एक्ट में कार्रवाई

रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था और नियमों का उल्लंघन करने वाले 84 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की। इनसे कुल 21,750 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

शिक्षण संस्थानों के आसपास भी रहेगी नजर

एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित शिक्षण संस्थानों में गुटबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले छात्रों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रात के समय संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने और अराजक तत्वों पर कार्रवाई के लिए स्थान बदल-बदलकर सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। दून पुलिस के मुताबिक, हुड़दंगियों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News