होशियारपुर के थाना हरियाना की पुलिस ने गांव अतवारापुर के पास स्थित संत बाबा गुरबचन दास जी की कुटिया में सेवक की हत्या के मामले में केस दर्ज कर एक कथित आरोपी को नामजद किया है। जानकारी के अनुसार मृतक के दामाद अशनी कुमार निवासी शामचुरासी (थाना बुल्लोवाल) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके ससुर जीवन कुमार पिछले 14-15 वर्षों से गांव अतवारापुर के पास पहाड़ियों में बनी संत बाबा गुरबचन दास जी की कुटिया में सेवक के रूप में सेवा कर रहे थे। जब भी वे कुटिया जाते थे, तो हरदीप कुमार उर्फ दीपी को इसकी जानकारी दे देते थे।
अशनी कुमार ने बताया कि उसे फोन पर सूचना मिली कि उसके ससुर जीवन कुमार कुटिया पर मौजूद नहीं हैं और उनके कमर पर ताला लगा है। इसके बाद उसने दीपी को कुटिया और आसपास के जंगल में उनकी तलाश करने को कहा। तलाश के दौरान जब जीवन कुमार नहीं मिले, तो दीपी ने बताया कि 12 जनवरी को शाम करीब 5 बजे उसने रायपुर के पास शामचुरासी निवासी मनवीर सिंह उर्फ मन्ना को वहां देखा था, जो पहले भी कुटिया में आता-जाता रहा है।