उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून की पार्किंग समस्या का निकलेगा समाधान, सरकार ने बनाई नई रणनीति

देहरादून में लगातार बढ़ते वाहनों और पार्किंग की समस्या को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने राजधानी के लिए बड़ी योजना तैयार की है। परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करना और लोगों को आधुनिक पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग परियोजनाओं की योजना केवल वर्तमान नहीं बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाए। परेड ग्राउंड के नीचे अंडरग्राउंड पार्किंग विकसित की जाएगी, जबकि ऊपर के हिस्से को बिना किसी स्थायी निर्माण के ग्रीन स्पेस के रूप में संरक्षित रखा जाएगा, ताकि लोगों को खुला सार्वजनिक क्षेत्र भी मिल सके।

पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट विकल्प पर भी काम किया जा रहा है। अधिकारियों को पर्याप्त एंट्री और एग्जिट गेट बनाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित हो सके। सचिवालय परिसर में भी कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुविधा के लिए आधुनिक पार्किंग विकसित की जाएगी। सरकार राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग बनाने की संभावनाओं पर भी तेजी से काम कर रही है। अधिकारियों को विस्तृत डिजाइन तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इन सभी परियोजनाओं को एक समग्र शहरी विकास योजना के तहत लागू किया जाएगा, जिससे आने वाले वर्षों में देहरादून की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को स्थायी समाधान मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News