गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दिया गया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सभी पुलिस आयुक्तों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और अन्य अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। पूरे प्रदेश में करीब 6000 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है, जबकि सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न होने तक पूरी तरह फील्ड में सक्रिय रहने को कहा गया है।
विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि राज्यभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार – गैंगस्टरां ते वार” के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की व्यापक जांच की जा रही है। इसके अलावा होटलों, सरायों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को 112 हेल्पलाइन नंबर पर देने की अपील की।
इसी दौरान पंजाब पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान “युद्ध नशेयां विरुद्ध” भी लगातार जारी है। शनिवार को राज्यभर में कार्रवाई करते हुए 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन, 15 किलो पोस्त के छिलके, 505 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल और 8,940 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। वहीं 41 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रमों से जोड़ने में भी सफलता मिली है।
अमृतसर में गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही। प्रमुख सरकारी भवनों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और समारोह स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की गई। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई, जबकि सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे शहर की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
उधर, जालंधर ग्रामीण पुलिस ने भी गणतंत्र दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर जिले के संवेदनशील इलाकों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में पुलिस की विशेष गश्त की गई। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा उपायों की जानकारी दी और समाज विरोधी तत्वों को सख्त संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।