पंजाब

खन्ना पुलिस का अनोखा प्रयास: लोगों की शिकायतें सुनने के लिए लगाया विशेष जनसुनवाई कैंप

खन्ना पुलिस ने जिले में पहली बार आम जनता की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निपटारे के उद्देश्य से एक विशेष जनसुनवाई कैंप का आयोजन किया। यह कैंप खन्ना की मलेरकोटला रोड स्थित एएस मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी शिकायतें और समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं।

कैंप के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा लोगों की समस्याओं का जल्द और पारदर्शी तरीके से निपटारा सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर एसएसपी खन्ना दर्पण अहलूवालिया ने कहा कि यदि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल रहेगा तो शिकायतों का समाधान अधिक प्रभावी और तेज गति से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि कैंप में प्राप्त कई शिकायतों को तुरंत निपटा दिया गया, जबकि कुछ मामलों को जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया है।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल शिकायत दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को न्याय दिलाना और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी शिकायतें पुलिस तक पहुंचाएं और जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग दें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ मामले कानूनी या तकनीकी रूप से जटिल होते हैं, जिन्हें उच्च अधिकारियों या विशेष जांच एजेंसियों के पास भेजना पड़ता है। ऐसे मामलों के समाधान में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन पुलिस हर शिकायत का निष्पक्ष और गंभीरता से निपटारा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एसएसपी दर्पण अहलूवालिया ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के जनसुनवाई कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो तथा पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News