uttarakhandउत्तराखण्ड

उत्तराखंड बनेगा ‘स्पेस टेक्नोलॉजी फ्रेंडली स्टेट’! सीएम धामी ने किया इसरो डैशबोर्ड का शुभारंभ

अंतरिक्ष सम्मेलन 2025 में शामिल हुए सीएम धामी, इसरो डैशबोर्ड और पुस्तक का किया शुभारंभ

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर आयोजित अंतरिक्ष सम्मेलन–2025 में भाग लिया। यह सम्मेलन “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की दिशा में हिमालयी राज्यों की भूमिका और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोग पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के चेयरमैन डॉ. वी. नारायणन भी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड के लिए इसरो डैशबोर्ड और पुस्तक का विमोचन

मुख्यमंत्री धामी ने सम्मेलन के दौरान उत्तराखंड में मॉडल जनपद विकसित करने हेतु ISRO और यूकॉस्ट (UCOST) द्वारा तैयार इंटीग्रेटेड डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। इसके अतिरिक्त, इसरो द्वारा प्रकाशित एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक पुस्तक का भी उन्होंने विमोचन किया।

अंतरिक्ष तकनीक से बहुआयामी विकास की दिशा में राज्य अग्रसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी अब केवल अनुसंधान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संचार, कृषि, मौसम पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचा विकास जैसे क्षेत्रों में भी निर्णायक भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में साइंस सिटी, साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक और अन्य अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की स्थापना का कार्य तीव्र गति से जारी है।

स्पेस टेक्नोलॉजी फ्रेंडली राज्य बनने की दिशा में कदम

मुख्यमंत्री धामी ने भरोसा जताया कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को “स्पेस टेक्नोलॉजी फ्रेंडली स्टेट” बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परिकल्पित विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने में उत्तराखंड एक सशक्त भागीदार के रूप में उभर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News