उत्तरकाशीउत्तराखण्ड

उत्तरकाशी में यमुना नदी के तेज बहाव में फंसा मजदूर, चट्टान पकड़कर बचाई जान; SDRF ने किया सफल रेस्क्यू

उत्तरकाशी:- उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियां और नाले उफान पर हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर नदी-नालों के पास जा रहे हैं। इसी बीच उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री रोड स्थित खरादी क्षेत्र में यमुना नदी के तेज बहाव में एक मजदूर फंस गया। गनीमत रही कि वह बीच नदी में मौजूद एक चट्टान तक पहुंचने में सफल रहा, जहां से SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

स्नान के दौरान फिसला पैर, तेज बहाव में बहने लगा युवक

जानकारी के अनुसार, स्थानीय व्यक्ति के माध्यम से बड़कोट को सूचना मिली कि खरादी क्षेत्र में एक व्यक्ति यमुना नदी के बीच फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने देखा कि एक व्यक्ति यमुना नदी के तेज बहाव के बीच स्थित चट्टान पर फंसा हुआ है। पूछताछ में उसकी पहचान सुजीत यादव, पुत्र नरेश यादव, निवासी ग्राम पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार के रूप में हुई। वह पेशे से मजदूर है। बताया गया कि सुजीत यादव यमुना नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा। अपनी जान बचाने के प्रयास में उसने नदी के बीच मौजूद एक चट्टान को पकड़ लिया और उसके ऊपर चढ़ गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू

युवक के नदी में फंसे होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने SDRF को सूचना दी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया और तेज बहाव के बीच फंसे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन सफल होने के बाद सुजीत यादव को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

भारी बारिश से उत्तराखंड में बढ़ी मुश्किलें

गौरतलब है कि उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जबकि कई स्थानों पर भूस्खलन के चलते संपर्क मार्ग बाधित हो रहे हैं। कुछ इलाकों में लोगों को वैकल्पिक रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। प्रदेश में कई जगह भूस्खलन से मकानों को नुकसान पहुंचने और कुछ भवनों के खतरे की जद में आने की भी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से समय-समय पर अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव एजेंसियों को भी सक्रिय मोड पर रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News