पंजाब के अमृतसर स्थित श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वीरवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एयरपोर्ट के ‘नो-फ्लाई ज़ोन’ में एक साथ चार संदिग्ध ड्रोन मंडराते हुए देखे गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने तुरंत एयरस्पेस को एक घंटे के लिए बंद कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
रात 8:40 पर शुरू हुआ ‘ड्रोन’ का खेल
घटना की शुरुआत वीरवार रात करीब 8:40 बजे हुई जब एटीसी ने एयरपोर्ट के उत्तरी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि नोटिस की। बताया जा रहा है कि एक के बाद एक कुल चार ड्रोन आसमान में दिखाई दिए, जो उत्तरी दिशा से दक्षिणी दिशा की ओर बढ़ रहे थे। ये ड्रोन बीच-बीच में ओझल हो रहे थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
फ्लाइट्स डायवर्ट: यात्रियों को हुई भारी परेशानी
ड्रोन की मौजूदगी की पुष्टि होते ही एटीसी ने सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को बंद कर दिया। इस दौरान:
-
शारजाह से अमृतसर आ रही फ्लाइट को करीब 15 मिनट हवा में होल्ड करने के बाद चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।
-
कुआलालंपुर से आ रही अंतरराष्ट्रीय उड़ान को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराना पड़ा। करीब एक घंटे बाद, जब ड्रोन की कोई गतिविधि नजर नहीं आई, तब रात 9:45 के बाद एयरस्पेस को दोबारा खोला गया।
एयरफोर्स एरिया की ओर बढ़े ड्रोन, सुरक्षा एजेंसियां सकते में
सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह रही कि ये ड्रोन एयरफोर्स स्टेशन के संवेदनशील इलाके की तरफ जाते देखे गए। सूचना मिलते ही इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), सीआईएसएफ (CISF) और पंजाब पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। एयरपोर्ट डायरेक्टर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों के साथ समन्वय कर यह पता लगाया जा रहा है कि ये ड्रोन कहां से आए थे और इन्हें कौन ऑपरेट कर रहा था।
बड़ा सवाल: बार-बार क्यों हो रही है ऐसी चूक?
यह पहली बार नहीं है जब अमृतसर एयरपोर्ट की सुरक्षा में ड्रोन ने सेंध लगाई है। पिछले साल अगस्त में भी करीब पौने तीन घंटे तक ऐसी ही घटना के कारण एयरपोर्ट बंद रखना पड़ा था। अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण ऐसी घटनाओं को पड़ोसी देश की साजिश से जोड़कर भी देखा जा रहा है।