उत्तराखंड में आज भी बिगड़ा रहेगा मौसम, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 जून को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों, चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी, देहरादून और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है। विभाग ने खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 जून को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। दूसरी ओर हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि 29 जून तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। बीच-बीच में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश, बादल छाए रहने और बिजली चमकने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं। ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। संभावित भूस्खलन, सड़क अवरोध और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *