उत्तराखण्डचमोली

थराली नगर पंचायत में 3 मनोनीत सभासद नियुक्त, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर

चमोली: उत्तराखंड सरकार ने चमोली जिले की नगर पंचायत थराली के लिए तीन मनोनीत सभासदों की घोषणा कर दी है। सरकार की ओर से भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं नंदू बहुगुणा, प्रदीप जोशी और तेजपाल सिंह गुसाईं को नगर पंचायत का मनोनीत सभासद बनाया गया है। मनोनयन की घोषणा के बाद थराली क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को मिला सम्मान बताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा का आभार व्यक्त किया। नगर पंचायत थराली में तीनों नए मनोनीत सभासदों के नाम घोषित होने के बाद क्षेत्रभर से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव और जनसरोकारों से जुड़े कार्यों का लाभ नगर पंचायत के विकास में मिलेगा। मनोनयन के बाद तीनों सभासदों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश नेतृत्व और विधायक भूपाल राम टम्टा का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

संगठन और जनसेवा का लंबा अनुभव

मनोनीत सभासद नंदू बहुगुणा लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। वे पूर्व में भाजपा थराली मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वहीं प्रदीप जोशी छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पहचान रही है। सामाजिक और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर उनकी सक्रिय भागीदारी रही है, जिसके चलते उन्हें क्षेत्र में एक सक्रिय युवा चेहरे के रूप में देखा जाता है। तेजपाल सिंह गुसाईं भी भाजपा संगठन के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क के माध्यम से उन्होंने लंबे समय तक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में रही है।

विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट ने कहा कि तीनों मनोनीत सभासद अनुभवी, जनसेवा के प्रति समर्पित और संगठन के मजबूत कार्यकर्ता हैं। उनके नगर पंचायत से जुड़ने से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों सभासद जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे और नगर पंचायत के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह नेगी, भवानी दत्त देवराड़ी, संजय जोशी, केदार पंत, उमेश पुरोहित, मोहन प्रसाद बहुगुणा, अनिल मिश्रा, मंडल मंत्री सुनीता बिष्ट, अमिता देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नवमनोनीत सभासदों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने आशा व्यक्त की कि नई टीम जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए नगर पंचायत थराली के विकास को नई दिशा देगी और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News