उत्तर प्रदेश

UP Weather: यूपी में फिर बारिश का अलर्ट, 20 से ज्यादा जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

लखनऊ/आगरा:- उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से रविवार को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी दर्ज की गई। बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार को भी उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट है।

बरेली में 141 एमएम बारिश रिकॉर्ड

पिछले 24 घंटे के दौरान बरेली में बारिश ने जोरदार असर दिखाया। सुबह 8:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक जिले में 141 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

लखनऊ में भी बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

गोरखपुर रहा सबसे गर्म, बिजनौर सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार गोरखपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है। वहीं बिजनौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। यह सामान्य तापमान से करीब तीन डिग्री कम रहा।

धीरे-धीरे कमजोर होगा निम्न दबाव का असर

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह के मुताबिक पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीते दिनों अच्छी बारिश हुई है। सोमवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, आने वाले दिनों में निम्न दबाव का प्रभाव धीरे-धीरे कमजोर पड़ने के साथ बारिश की गतिविधियों में भी कमी आने का अनुमान है।

आगरा में तीन दिन में 85.3 एमएम बारिश

आगरा में मानसून के अंतिम दौर में बारिश का सिलसिला जारी है। ताजनगरी में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है। गुरुवार से रविवार के बीच जिले में 85.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते आगरा का तापमान गिरकर करीब 28.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

12 सितंबर के बाद फिर बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगरा में सोमवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, 12 सितंबर के बाद बादल दोबारा लौट सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद आगरा में दिन का तापमान एक बार फिर बढ़ सकता है और यह 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button