हरिद्वार में छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, कोर्ट के आदेश पर दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेल से जुड़े गंभीर मामले में अदालत के निर्देश पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र का है। शिकायत के अनुसार, छात्रा का आरोप है कि एक महिला ने उसे अपने घर बुलाया, जहां उसकी मुलाकात अपने देवर से कराई गई। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। पीड़िता का आरोप है कि बोर्ड परीक्षा देने के बाद आरोपी उसे कथित रूप से जबरन अपने साथ ले गया और वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि होश आने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो दिखाकर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। शिकायत में कहा गया है कि इसी आधार पर उसे लंबे समय तक डराया-धमकाया गया। इसके अलावा कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने, वीडियो रिकॉर्ड करने, शादी का दबाव बनाने और धन की मांग करने के भी आरोप लगाए गए हैं। मामले में अदालत के आदेश के बाद ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, मेडिकल एवं फॉरेंसिक रिपोर्ट, गवाहों के बयान तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगा।




