उत्तराखण्डपौड़ी गढ़वाल

पौड़ी गढ़वाल: सचिव दीपक कुमार ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, सरकारी कार्यालयों के नाम संस्कृत में लिखने के निर्देश

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

सचिव दीपक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सरकारी योजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणाम आधारित तरीके से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा और नवाचारी माध्यमों का उपयोग करना होगा।

सरकारी कार्यालयों के नाम संस्कृत में भी लिखे जाएंगे

बैठक के दौरान सचिव ने शासन के निर्देशों का पालन करते हुए सभी विभागों के कार्यालयों के नामपट्ट संस्कृत भाषा में भी अंकित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और भाषाई विरासत को बढ़ावा देने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम होगा।

इसके अलावा अधिकारियों को जनता दरबार और चौपाल कार्यक्रमों के दौरान संबंधित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम करने की सलाह दी गई, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को नजदीक से समझ सकें और उनका त्वरित समाधान कर सकें।

जुलाई तक तैयार होगा एकीकृत कृषि मॉडल

कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए सचिव ने कृषि यंत्रों की उपलब्धता, बीज वितरण और किसानों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कृषि, उद्यान, डेयरी, मत्स्य और जलागम विभागों के समन्वय से एकीकृत कृषि मॉडल विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जुलाई तक तीन विकासखंडों में इस मॉडल को तैयार किया जाए और सितंबर तक सभी विकासखंडों में इसे लागू करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए। साथ ही वन पंचायतों को भी घेरबाड़ जैसे विकास कार्यों में सहभागी बनाने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री घोषणाओं और हेल्पलाइन मामलों पर विशेष निगरानी

सचिव दीपक कुमार ने मुख्यमंत्री घोषणाओं और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में शिकायतों की संख्या अधिक है, वे शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

स्वयं सहायता समूहों और पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान सचिव ने जिले के शीर्ष-10 स्वयं सहायता समूहों की पहचान कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ‘लखपति दीदी’ समूहों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।

पर्यटन क्षेत्र की समीक्षा में उन्होंने सतपुली झील परियोजना को जल्द पूरा करने और स्यूंसी झील को भी उसी मॉडल पर विकसित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पर्यटन, होमस्टे और होटल व्यवसाय से जुड़े लंबित सब्सिडी मामलों का बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य, शिक्षा और बागवानी योजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत शिशु मृत्यु दर, मातृ मृत्यु दर और टीबी मुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा कीवी, सेब और ड्रैगन फ्रूट मिशन, मत्स्य पालन, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, शिक्षा और युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का भी विस्तृत जायजा लिया गया।

सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार आधुनिक और नवाचारी तरीकों से किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

साइबर अपराध और नशे के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

बैठक में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। सचिव दीपक कुमार ने साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों को साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाए तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

इसके अलावा नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर नियमित निगरानी एवं सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News