आज धामी सरकार का बजट होगा पेश, 16 मार्च तक ही चलेगा बजट सत्र

वित्तमंत्री आज पेश करेंगे करीब 79 हजार करोड़ का बजट, 16 मार्च तक ही सत्र चलेगा, 16 मार्च को बजट पर चर्चा के बाद विनियोग विधेयक पारित होगा और इसके साथ सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी। भराड़ीसैंण विधानसभा में धामी सरकार का बजट बुधवार को पेश होगा।
वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल दोपहर दो बजे बजट पेश करेंगे। वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 79 हजार करोड़ रुपये के बजट का अनुमान है। प्रदेश मंत्रिमंडल बजट प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुका है। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में अगले दिन का एजेंडा तय किया गया। 16 मार्च को बजट पर चर्चा के बाद विनियोग विधेयक पारित होगा और इसके साथ सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो जाएगी। यानी सत्र 16 मार्च तक ही चलेगा।
वित्तमंत्री के मुताबिक बजट समावेशी होगा और इसमें युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारी, श्रमिक और नौकरी-पेशा लोगों के लिए खास प्रावधान होंगे। संवाद के जरिये जो सुझाव जनता से प्राप्त हुए हैं, उनमें से जो महत्वपूर्ण हैं, उन्हें बजट की घोषणाओं में शामिल करने का प्रयास किया गया है।




