बारिश से बदला मौसम का मिजाज, देहरादून समेत कई शहरों में तापमान गिरा

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। लगातार बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को भी कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई पर्वतीय जिलों में गर्जन, तेज अंधड़ और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

बारिश और बादलों की वजह से प्रदेशभर में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं पंतनगर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर और नई टिहरी जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी नीचे पहुंच गया। मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।

गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है। साथ ही बारिश के दौरान खुले स्थानों, पहाड़ी ढलानों और नदी-नालों के किनारे रुकने से बचने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को नजदीकी सहायता केंद्र और कंट्रोल रूम से संपर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *