biharबिहार

बिहार में फिर बढ़ा कोरोना: पटना में डॉक्टर-नर्स समेत 6 नए संक्रमित मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

बिहार में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता दिख रहा है। पटना में पिछले 24 घंटे में छह नए कोविड पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इनमें एक महिला डॉक्टर और दो नर्स शामिल हैं, जो पटना एम्स में कार्यरत हैं। इसके अलावा आरपीएस मोड़ के पास रहने वाला 41 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। वहीं, एनएमसीएच में दो मरीजों की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

इन सभी मरीजों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसे लक्षण पाए गए थे। लक्षण दिखने पर डॉक्टरों ने इन्हें कोरोना जांच की सलाह दी थी, जिसके बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन छह संक्रमितों में से तीन को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि बाकी को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है।

सिविल सर्जन डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने लोगों से सतर्क रहने और घबराने की बजाय कोविड गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर पैनिक न हों, बल्कि होम आइसोलेशन का पालन करें और अपने संपर्क में आए लोगों को भी सतर्क करें।

इससे पहले सोमवार को पटना के बेली रोड स्थित एक बड़े अस्पताल में दो मरीज कोविड पॉजिटिव पाए गए थे। इनमें से एक की पहले ही जांच हो चुकी थी, जबकि दूसरे की पुष्टि अस्पताल में भर्ती होने के बाद जांच के दौरान हुई। दोनों में कोरोना के सामान्य लक्षण—जैसे सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में तकलीफ—देखे गए थे। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है।

डॉ. सिंह ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण को हल्के में न लें, और यदि आपके आसपास कोई संक्रमित हो तो उसे होम आइसोलेट करें। साथ ही आसपास के लोगों को भी सतर्क और जागरूक रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News