हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में ‘चिट्टा’ का कहर: 5 माह में 8 मौतें, 3.5 साल में 55 जिंदगियां निगली नशे ने

प्रदेश में वर्ष 2025 में मई माह तक पांच माह में नशे की ओवर डोज से आठ लोगों की मौत हुई है। प्रदेश में जहां नशा तस्करी के मामले बढ़ रहे हैं। वहीं, प्रदेश का युवा वर्ग भी नशे के दल-दल में फंसता जा रहा है। प्रदेश के सैकड़ों युवा नशे के आदि हो रहे हैं। नशा तस्करी के मामलों में युवतियां भी पीछे नहीं हैं। प्रदेश में कारीब साढ़े तीन साल में 55 लोगों ने जान गंवाई है। नशे की ओवर डोज से जान गवाने वालों में 52 पुरुष और तीन महिलाएं भी शामिल हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में वर्ष 2022 में नशे की ओवर डोज से आठ लोगों की जान गई है। इसमें मंडी जिला में एक, कुल्लू में दो और शिमला में में पांच लोगों की मौत हुई है। वर्ष 2023 में नशे की ओवर डोज से दस लोगों की मौत हुई है, इनमें एक महिला और नौ पुरुष शामिल हैं। इसमें हमीरपुर में दो, कांगड़ा में एक, पुलिस जिला बद्दी में तीन, कुल्लू में चार लोगों की मौत नशे की ओवर डोज से हुई है। वर्ष 2024 में प्रदेश भर में नशे की ओवर डोज से 29 लोगों की मौत हुई है, इनमें 27 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इसमें पुलिस जिला नुरपुर में एक, शिमला पांच, कुल्लू में पांच, बिलासपुर में पांच, सोलन में एक, हमीरपुर में दो, मंडी में तीन, पुलिस जिला बद्दी में पांच और कांगड़ा में दो लोगों की मौत नशे की ओवर डोज से हुई है। बात अगर 2025 की करें, तो 31 मई तक पांच माह में ही आठ लोगों की मौत नशे की ओवर डोज से हो चुकी है।
इसमें बिलासपुर जिला में दो, पुलिस जिला बद्दी में एक, कुल्लू में एक, मंडी में दो, शिमला में एक और ऊना जिला में एक व्यक्ति की मौत नशे की ओवर डोज से हुई है। हालांकि प्रदेश पुलिस नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। प्रदेश भर में नशा तस्करी में 60 से अधिक सरकारी कर्मचारी भी नशा तस्करी के मामलों में पकड़े गए हैं। प्रदेश सरकार भी नशा तस्करी में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश भर में पुलिस ने वर्ष 2025 में जनवरी, फरवरी, मार्च और अप्रैल चार महीनों में 135.3 किलो चरस और 5.276 किलो चिट्टे की खेप पकड़ी है। प्रदेश में चार माह में एनडीपीएस के 783 मामले दर्ज किए गए हैं। प्रदेश में वर्ष 2025 में चार माह में 30 अप्रैल तक दर्ज किए गए एनडीपीएस के 783 मामलों में पुलिस ने 1251 पुरुष और 49 महिलाओं को नशे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। 2025 में जनवरी से 30 अप्रैल तक एनडीपीएस के मामलों में हिमाचल पुलिस ने प्रदेश में 13.31 किलो अफीम, 146.4 किलो भुक्की की खेप पकड़ी है। इसके अलावा पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामलों में 5 किलो 276 ग्राम चिट्टे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने प्रदेश भर में 2.7 ग्राम स्मैक की खेप पकड़ी है। प्रदेश में 135.3 किलो चरस की खेप पकड़ी है। 52147 अफीम के पौधे पकड़े हैं। 10.28 किलो गांजा और साढ़े 16 किलो डोडा की खेप पकड़ी है। वहीं 2267 प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की गोलियां और 3942 प्रतिबंधित कैप्सूल भी पकड़े हैं। इसके अलावा पुलिस ने एनडीपीएस के मामलों 54 प्रतिबंधित इंजेक्शन भी पकड़े हैं। (एचडीएम)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News