उत्तराखण्ड

यमुनोत्री पहुंचे मनवीर चौहान, गांव-गांव जाकर सुनीं जनता की समस्याएं

उत्तरकाशी: भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने तीन दिवसीय यमुनोत्री क्षेत्र भ्रमण के दौरान विभिन्न गांवों का दौरा कर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा युवाओं के साथ बैठक कर स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की।  अपने दौरे के दौरान मनवीर चौहान ने क्यारी, बनोट, कयाटा, छैजुला, कामदा, कपराड़ा, हटनाली, बड़ली, पुजरगांव, बणगांव, रिखाड़ गांव, मंगाण गांव, खदालडा, सिंगाण गांव, डांडागांव, गड़थ, बनाड़ी, गड़ौली, सिरा, चुपड़ली, तराकोट, सूरी, दारगढ़, बदाल्डा, रमौली, टिपरी, जिभ्या, कोटधार, टंडोल, मुरोगी और मधाली सहित कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान आयोजित बैठकों में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

मनवीर चौहान ने ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की मुख्यधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है। युवाओं के साथ आयोजित विशेष बैठकों में चौहान ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य स्वरोजगार आधारित योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने गांवों में ही रोजगार के अवसर विकसित करें। इससे न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होगी बल्कि पलायन की समस्या पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। यदि युवा इन योजनाओं का सही तरीके से लाभ लें तो वे रोजगार खोजने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं को योजनाओं से जुड़ी सभी औपचारिकताओं को समय पर पूरा करने और सरकारी विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने की सलाह दी। मनवीर चौहान ने कहा कि यमुनोत्री क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं से भरपूर है। यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और प्रकृति पर्यटन के लिए भी बड़ी संभावनाएं रखता है। यदि पर्यटन गतिविधियों को वर्षभर बढ़ावा दिया जाए तो स्थानीय लोगों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि चारधामों में शामिल यमुनोत्री धाम का महत्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों में सड़क, परिवहन और अन्य आधारभूत सुविधाओं में सुधार होने से यहां पर्यटन गतिविधियां और तेज होंगी। इससे स्थानीय व्यापार, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्वरोजगार के क्षेत्र को भी नई गति मिलेगी। चौहान ने कहा कि कृषि, बागवानी और पशुपालन क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। सरकार इन क्षेत्रों को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र विकास और स्वरोजगार के क्षेत्र में एक मॉडल विधानसभा के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News