ऋषिकेश स्थित योग नगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। उज्जैनी एक्सप्रेस ट्रेन वॉशिंग लाइन में शंटिंग के दौरान अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में एंड पॉइंट से जा टकराई। हादसे में इंजन के पीछे लगे तीन कोच पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
जानकारी के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर योग नगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को अगले दिन सुबह उज्जैन के लिए रवाना होना था। इसी वजह से ट्रेन को नियमित सफाई और तकनीकी जांच के लिए वॉशिंग लाइन में ले जाया जा रहा था। शंटिंग प्रक्रिया के दौरान अचानक ट्रेन का नियंत्रण बिगड़ गया और वह तेजी से आगे बढ़ने लगी। कुछ ही सेकंड में ट्रेन बफर स्टॉप से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि इंजन के पीछे लगे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर खांड गांव और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोग घबरा गए। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन अचानक असामान्य गति से आगे बढ़ी और कुछ दूरी बाद डिब्बे झटके के साथ पटरी छोड़कर एक ओर झुक गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया और हादसे के कारणों की जांच में जुट गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि हादसे के वक्त ट्रेन खाली थी, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। रेलवे प्रशासन ने इसे बड़ी राहत बताया है। हालांकि इस हादसे ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और शंटिंग प्रक्रिया पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या मानवीय लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। क्षतिग्रस्त डिब्बों और ट्रैक का निरीक्षण किया जा रहा है, जबकि मरम्मत और बहाली का काम भी शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मुख्य योग नगरी-रायवाला ट्रैक इस हादसे से प्रभावित नहीं हुआ है और रेल यातायात सामान्य रूप से जारी है।