महंत दिनेंद्र दास ने गोपाल राव पर लगाए गंभीर आरोप – Parvat Sankalp News

महंत दिनेंद्र दास ने गोपाल राव पर लगाए गंभीर आरोप

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के भीतर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने पहली बार खुलकर पूर्व पदाधिकारी गोपाल राव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे विवाद के लिए गोपाल राव जिम्मेदार हैं और वे मंदिर की परंपराओं के बजाय राजनीति कर रहे हैं। महंत दिनेंद्र दास का आरोप है कि गोपाल राव अनावश्यक रूप से मामलों को उलझाते हैं, जिससे विवाद और गहराता जा रहा है। दूसरी ओर, अयोध्या में इस मामले को लेकर वकीलों का आक्रोश भी देखने को मिला। फैजाबाद बार एसोसिएशन के नेतृत्व में 500 से अधिक अधिवक्ता सड़कों पर उतरे और ट्रस्ट के पदाधिकारियों चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल राव सहित अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने थाना राम जन्मभूमि में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी शिकायत की पावती मिल चुकी है और यदि पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं करती है तो हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि शिकायत को जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार मामले की जांच की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने ट्रस्ट के पुनर्गठन की मांग भी उठाई और कथित दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े सभी लोगों का सम्मान है, लेकिन यदि किसी ने चोरी या कोई गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से होगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *