उत्तर प्रदेश

IAS इंद्र विक्रम सिंह ने संभाला गोरखपुर मंडलायुक्त का पदभार, विकास और जनसुनवाई को बताया प्राथमिकता

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश कैडर के 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को गोरखपुर मंडल के नए मंडलायुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं को गति देना, जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। सूचना विभाग के अनुसार, नवागत मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गृह जनपद होने के साथ प्रदेश का एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक, धार्मिक और विकास केंद्र है। ऐसे में सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराना प्रशासन की जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विभाग की नियमित समीक्षा की जाएगी और परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर कर विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इंद्र विक्रम सिंह ने गोरखनाथ मंदिर समेत गोरखपुर की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।

उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। नए मंडलायुक्त ने जनसुनवाई प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले लोगों की शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली पारदर्शिता, जवाबदेही और टीमवर्क पर आधारित होगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में रहेगा। पदभार ग्रहण के दौरान अपर आयुक्त (प्रशासन) जय प्रकाश, अपर आयुक्त अजय राय, अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, एडीएम (वित्त) जय प्रकाश सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नए मंडलायुक्त का स्वागत करते हुए मंडल की प्रमुख विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं, निवर्तमान मंडलायुक्त राजीव ढींगरा को विदाई भी दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News