HTET 2025: आज होगी लेवल-3 (PGT) परीक्षा, 73 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) जुलाई-2025 के तहत लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शनिवार को पूरे प्रदेश में कड़ी सुरक्षा और व्यापक प्रशासनिक तैयारियों के बीच आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए राज्यभर में 238 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 73,091 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। शुक्रवार को बोर्ड मुख्यालय से पुलिस सुरक्षा और बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में गोपनीय प्रश्न-पत्रों को सभी जिला मुख्यालयों के लिए रवाना किया गया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी की संभावना न रहे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा शनिवार को दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। बोर्ड ने परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। बोर्ड अध्यक्ष ने स्वयं मुख्यालय में प्रश्न-पत्र वितरण प्रक्रिया का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, अपने प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ लेकर आएं तथा परीक्षा के दौरान बोर्ड द्वारा जारी सभी नियमों और निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *