रुड़की में भीषण सड़क हादसा: चार बाइकों की टक्कर में 3 युवकों की मौत, 6 घायल – Parvat Sankalp News

रुड़की में भीषण सड़क हादसा: चार बाइकों की टक्कर में 3 युवकों की मौत, 6 घायल

रुड़की:- हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब चार बाइक कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए घटनास्थल पर जुट गए।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पिरान कलियर और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया।

गंभीर रूप से घायल एक युवक आदित्य चंद्रा को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस जांच में जुटी

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार, शुरुआती जांच में चारों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान अयान (18), राजू (24) और राजीव (18) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *