उत्तराखण्ड

पांच साल पूरे कर इतिहास रचने वाले पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लगातार पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए राज्य की राजनीति में नया इतिहास रच दिया है। 4 जुलाई 2021 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले धामी अब उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक लगातार मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। इस खास अवसर पर ऋषिकेश के आईडीपीएल ग्राउंड में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां ‘जन-जन की सरकार, सेवा पखवाड़ा’ के दूसरे चरण की शुरुआत भी की गई। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, कैबिनेट मंत्री और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनता और कार्यकर्ताओं के बीच से होकर मंच तक पहुंचे। इस दौरान लोगों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और मुख्यमंत्री ने भी रुक-रुककर लोगों से हाथ मिलाया तथा उनका अभिवादन स्वीकार किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने देहरादून जिले के लिए 219 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया, जिसे जिले के विकास की दिशा में बड़ी सौगात माना जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं गिना कि वे कितने वर्षों से मुख्यमंत्री हैं। उनके लिए मुख्यमंत्री का पद केवल जनता की सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सत्ता का आनंद लेना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी और विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं की भागीदारी, एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का राज्य बजट और महिलाओं के सशक्तिकरण जैसे बदलाव सरकार की उपलब्धियों को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, भू-माफियाओं पर कार्रवाई और खनन व्यवस्था में सुधार जैसे कई साहसिक फैसले लिए गए। उन्होंने दावा किया कि अब पलायन कर चुके लोग भी रोजगार और बेहतर अवसरों के कारण अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सेवा पखवाड़ा के दौरान जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और अनावश्यक औपचारिकताओं से बचने के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब विपक्ष के पास सत्ता थी, तब विकास का स्पष्ट विजन दिखाई नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने गरीबों को केवल वोट बैंक समझा, जबकि उनकी सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने का उन्हें कोई अहंकार नहीं है और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ उत्तराखंड के विकास के लिए काम जारी रहेगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, रेखा आर्या, पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी। सभी नेताओं ने यूसीसी, नकल विरोधी कानून, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और विकास परियोजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News