सहसपुर में जनसेवा शिविर, CM धामी ने मौके पर सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के सहसपुर स्थित श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आम जनता के और अधिक निकट लाना है, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और सेवाएं उनके द्वार तक पहुंच सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सुशासन का वास्तविक अर्थ संवेदनशील, जवाबदेह तथा जनकेंद्रित प्रशासन है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से सरकार और जनता के बीच विश्वास मजबूत हुआ है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में 65 दिनों के दौरान लगभग 700 जनसेवा शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 5 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। अकेले देहरादून जनपद में आयोजित 46 शिविरों में 60 हजार से अधिक नागरिक पहुंचे, जबकि करीब 39 हजार लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े के दौरान अब तक 64 हजार से अधिक नागरिक जनसेवा शिविरों में शामिल हो चुके हैं। इस अवधि में प्राप्त 5,567 जनसमस्याओं में से 4,951 मामलों का समाधान किया जा चुका है, जबकि हजारों लोगों को प्रमाण-पत्रों और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है।
सहसपुर में आयोजित शिविर में 1,000 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, सहायता सामग्री और विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जनसमस्याओं का मौके पर ही संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। कारबारी ग्रांट क्षेत्र में सोलर लाइट लगाने, स्वयं सहायता समूह के लिए सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सड़क एवं जल निकासी कार्यों, श्मशान घाट निर्माण, बंदोबस्त संबंधी समस्याओं, पार्क एवं ओपन जिम निर्माण तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों को निश्चित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून लागू करने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जैसे निर्णय सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘विकसित भारत के लिए विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को जनसहभागिता और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से साकार किया जाएगा तथा प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।




