राष्ट्रीय

कुरुक्षेत्र के महायज्ञ में विवाद के बाद गोलीबारी, ब्राह्मण घायल, माहौल तनावपूर्ण

हरियाणा:- कुरुक्षेत्र के केशव पार्क में चल रहे 1000 कुंडीय महायज्ञ में शनिवार को खाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि ब्राह्मणों को पुराना खाना परोसने को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई। विवाद के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने गोली चला दी, जो आशीष तिवारी नामक ब्राह्मण को लगी। उन्हें गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।इस घटना से नाराज ब्राह्मणों ने महायज्ञ स्थल के बाहर कुरुक्षेत्र-कैथल रोड जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सख्ती दिखाई और जाम खुलवाने का प्रयास किया। फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

18 मार्च से शुरू हुआ यह महायज्ञ 27 मार्च तक चलना था, जिसके लिए 1008 कुंडीय यज्ञशाला बनाई गई थी। महायज्ञ में हर दिन 1,00,000 आहुतियां डाली जा रही थीं। अब इस विवाद के बाद आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है। अब तक इस महायज्ञ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मुख्यमंत्री की पत्नी सुमन सैनी और पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा जैसे कई बड़े नेता शामिल हो चुके हैं।

कुरुक्षेत्र में हुए विवाद के बाद ब्राह्मण समाज के विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया। गुस्साए ब्राह्मणों ने कुरुक्षेत्र-कैथल रोड पर जाम लगा दिया था, जिसे पुलिस ने समझाइश और चेतावनी देकर खुलवाया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए डीएसपी सुनील कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, विरोध कर रहे ब्राह्मण समुदाय के लोग फिलहाल शनि समाज धर्मशाला में एकत्रित हैं और आगे की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। महायज्ञ स्थल पर हुई गोलीबारी में लखनऊ निवासी 15 वर्षीय आशीष तिवारी घायल हो गए। वहीं, प्रिंस शुक्ला भी घायल हुए हैं, जिन्हें पत्थर लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने तीन से चार राउंड गोलियों के खोल बरामद कर लिए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News