राष्ट्रीय

 पेटीएम के अध्यक्ष भावेश गुप्ता ने कंपनी से इस्तीफा दिया, आधिकारिक बयान जारी

पेटीएम की मूल कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस के अध्यक्ष और सीईओ भावेश गुप्ता ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। शनिवार को जारी किए गए आधिकारिक बयान में इस बात की जानकारी दी गई है। बता दें कि भावेश गुप्ता कंपनी में ऑनलाइन और ऑफलाइन भुगतान और ऋण व्यवसाय समेत अन्य कार्यों का संचालन कर रहे थे।  बयान में कहा गया है कि गुप्ता ने निजी कारणों से पद से इस्तीफा दिया है। वह 31 मई को कंपनी की सेवाओं से मुक्त हो जाएंगे। हालांकि, वह इस साल के आखिर तक कंपनी के साथ सलाहकार की भूमिका में बने रहेंगे। भावेश गुप्ता पेटीएम के साथ अगस्त 2020 में जुड़े थे।

वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड का कहना है कि कंपनी अपनी नेतृत्व टीम का विस्तार कर रही है। कंपनी ने पेटीएम के सीईओ और वरिष्ठ प्रबंधन के साथ सीधे काम करने के लिए अपनी नेतृत्व टीम का विस्तार किया है। कंपनी ने कहा है कि पेटीएम के भुगतान और क्रेडिट व्यवसायों का नेतृत्व जिन अधिकारियों द्वारा किया जाता है, उनमें से हर किसी के पास पेटीएम में पांच साल से अधिक का अनुभव है। यह अनुभवी नेतृत्व टीम अब सीधे पेटीएम के सीईओ के साथ काम करेगी। आगे कहा गया है कि कंपनी के अध्यक्ष और मुख्य परिचालन अधिकारी भावेश गुप्ता ने व्यक्तिगत कारणों से करियर से ब्रेक लेने का फैसला किया है। हालांकि, वह एक सलाहकार की भूमिका में बने रहेंगे।

हाल ही में राकेश सिंह को पेटीएम मनी लिमिटेड (पीएमएल) के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। इससे पहले राकेश सिंह फिस्डोम में स्टॉक ब्रोकिंग व्यवसाय के सीईओ थे। वह आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक में प्रमुख प्रबंधन पदों पर रहे हैं। इसके अलावा कंपनी ने बताया कि पेटीएम मनी लिमिटेड के पूर्व प्रमुख वरुण श्रीधर अब पीएसपीएल में सीईओ के रूप में नेतृत्व कर रहे हैं। पेटीएम के संस्थापक और सीईओ विजय शेखर शर्मा का कहना है कि भुगतान और उधार पर कंपनी का फोकस पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News