उत्तराखण्डदेहरादून

देहरादून में कांग्रेस ने मनाई राजीव गांधी की पुण्यतिथि

पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से देहरादून स्थित राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “राजीव गांधी अमर रहें” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, राजीव तेरा नाम रहेगा” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत और सूचना क्रांति का जनक बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को तकनीकी और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए। गोदियाल ने कहा कि पंचायतों को अधिकार संपन्न बनाने, युवाओं को मतदान का अधिकार देने और देश को 21वीं सदी की ओर ले जाने में राजीव गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पंचायतों को मजबूत बनाने के पक्ष में रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों को अधिक अधिकार दिए गए, जिससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुईं। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच और नई दिशा देने का काम किया।

प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना क्रांति के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को भी सशक्त बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देना भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक फैसला था। उनके द्वारा उठाए गए कदमों का ही परिणाम है कि आज भारत वैश्विक स्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राजीव गांधी के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News