uttarakhandउत्तराखण्ड

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से ठंड का प्रकोप जारी

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने से ठंड का प्रकोप जारी है। एक सप्ताह बाद मौसम ने अपने तेवर दिखाए तो मैदानी इलाकों में शुक्रवार को दिनभर कंपकंपाती ठंड ने खूब परेशान किया। हालांकि, पहाड़ी इलाकों में धूप खिलने से लोगों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को दून का अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम है। शुक्रवार सुबह कोहरा छाया तो मैदानी इलाकों में सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। सुबह करीब 11 बजे से कोहरा छंटना शुरू हुआ, लेकिन दिनभर शीतलहर चलने से गलन वाली ठंड रही। शीत दिवस होने के चलते दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में एक-दो बार ही सूरज के दर्शन हुए।  आंकड़ों पर नजर डाले तो पंतनगर का अधिकतम तापमान आठ डिग्री कमी के साथ 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 13.4 और नई टिहरी का भी दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

ठंड के कारण तीसरे दिन शनिवार को भी जनपद के समस्त स्कूल और आंगनबाड़ी केंद बंद रहेंगे। जिलाधिकारी धीराज सिंह की ओर से 20 जनवरी के लिए भी जनपद के कक्षा एक से आठ तक समस्त सरकारी, निजी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद करने के आदेश किए हैं। साथ ही जिन स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर कक्षा नौ से 12 तक के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चल रही हैं। उनका संचालन भी सुबह नौ बजे के बाद किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।  मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा छाने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दोनों जिलों में गंभीर शीतलहर के आसार हैं, जबकि देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया। इन जिलों के भी कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहेगी। प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले सप्ताह से राहत मिलने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 24-25 जनवरी के बाद मैदानी इलाकों में कोहरा कम होने लगेगा। इससे ठंड कम होने के साथ लोगों को राहत मिलेगी। शुक्रवार को भले ही मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से शीत रही, लेकिन पहाड़ों में धूप खिलने से मौसम खुशनुमा रहा। मसूरी, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, आदिबदरी, थराली, देवाल, नारायणबगड़ में दिनभर धूप खिली रही जिससे वहां ठंड का अहसास कम हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Parvat Sankalp News