प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में आयोजित भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और सेवा भाव के कारण ही भारतीय जनता पार्टी आज देश की सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति बनी हुई है। अब समय है कि पार्टी के सभी प्रकोष्ठ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और संगठन की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाकर आगामी चुनावों में भाजपा की जीत को और अधिक प्रचंड बनाने का कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से इसलिए अलग है क्योंकि उसके लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और समाज सेवा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा वर्ष के 365 दिन समाज के हर वर्ग के बीच कार्य करती है, जबकि विपक्ष केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, खेल, व्यवसायिक, पर्यटन, आपदा प्रबंधन, स्वयं सहायता समूह सहित सभी 22 प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संगठन का जीवंत संपर्क हैं और इन्हें सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभानी होगी।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि उत्तराखंड एक संवेदनशील हिमालयी राज्य है, जहां प्राकृतिक आपदाओं की चुनौती हमेशा बनी रहती है। उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की ऐसी टीम तैयार करने का आह्वान किया जो किसी भी आपदा की स्थिति में ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्य में जुट सके। उन्होंने कहा कि संकट की हर घड़ी में भाजपा का कार्यकर्ता जनता के साथ सबसे पहले खड़ा दिखाई देना चाहिए।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ से ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय महिला समूहों तक पहुंच बनाने और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य वर्ष 2029 तक तीन करोड़ महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाना है और उत्तराखंड सरकार भी इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री आंचल अमृत योजना, लखपति दीदी योजना तथा महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन की भी जिम्मेदारी है।
पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि मानसखंड और केदारखंड के विकास, चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड श्रद्धालुओं की संख्या तथा सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन के विस्तार से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा विकासवाद और राष्ट्रवाद की राजनीति करती है, जबकि विपक्ष नकारात्मकता, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सरकार की कार्रवाई से विपक्ष असहज है। उन्होंने दोहराया कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और जनसांख्यिकीय स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर कार्य करता है। चाहे सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू हो, जोशीमठ संकट, धराली, रुद्रप्रयाग या अन्य प्राकृतिक आपदाएं—भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा सबसे पहले राहत कार्यों में सक्रिय दिखाई देते हैं, जबकि विपक्ष केवल सोशल मीडिया तक सीमित रहता है।
मुख्यमंत्री ने सभी प्रकोष्ठों से मिशन मोड में कार्य करते हुए जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने, सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा विपक्ष द्वारा फैलाए जाने वाले भ्रम और अफवाहों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, डबल इंजन सरकार की विकासपरक नीतियों और लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा आने वाले समय में भी जनता का विश्वास जीतती रहेगी।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के सभी प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन पूरा करने तथा बूथ-बूथ तक संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने के लक्ष्य को पूरा करने में प्रकोष्ठों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कुस्तुभानंद जोशी सहित भाजपा के सभी 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।