बीरोंखाल में जलवायु अनुकूल कृषि परियोजनाओं पर 120 करोड़ खर्च का अनुमान, 440.4 लाख के विकास कार्यों की सौगात – Parvat Sankalp News

बीरोंखाल में जलवायु अनुकूल कृषि परियोजनाओं पर 120 करोड़ खर्च का अनुमान, 440.4 लाख के विकास कार्यों की सौगात

चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीरोंखाल में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना और जलागम के तहत बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने बताया कि वर्ष 2024 से 2030 के बीच बीरोंखाल ब्लॉक में इस परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के शुभारंभ अवसर पर महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 ग्राम पंचायतों को परियोजना से जोड़ा गया है।

सिंचाई और कृषि के लिए कई प्रदर्शन इकाइयां स्थापित

महाराज के मुताबिक, परियोजना के प्रभावी संचालन के लिए स्यूंसी, मैठाणाघाट और स्यूंसी क्षेत्र में तीन यूनिट गठित की गई हैं। सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 12 एलडीपीई टैंक लगाए गए हैं, जबकि सात वॉटर हार्वेस्टिंग टैंक पहले से तैयार किए जा चुके हैं। इसके अलावा उद्यान के लिए ड्रिप सिंचाई की 10 प्रदर्शन इकाइयां, सब्जी उत्पादन की 30 इकाइयां और मल्चिंग तकनीक की 57 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए वर्मी कम्पोस्ट और बायो-कम्पोस्ट की प्रदर्शन इकाइयां भी तैयार की गई हैं।

रबी और खरीफ फसलों के लिए बीज वितरण

परियोजना के तहत रबी सीजन में गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन के बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किए गए हैं। वहीं खरीफ फसलों के लिए मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न के बीज 102 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराए गए। सब्जी और मसाला उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रेंच बीन, हल्दी और अदरक के बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किए गए हैं। परियोजना के तहत 90 पॉली टनल स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही बकरी की नस्ल सुधार के लिए 21 बकरों का वितरण भी किया गया है।

440.4 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान सतपाल महाराज ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज के नए भवन और कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। इसके अलावा समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.4 लाख रुपये की लागत से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नए भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का भी उद्घाटन किया गया। विधायक निधि से चितौण खाल तक मोटर मार्ग के मिलान के लिए 4 लाख रुपये और हिन्डोला गैरी से हनुमान गद्दी बडेस ढय्या तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।

स्थानीय समस्याओं के समाधान पर जोर

शिविर में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने विभिन्न समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। महाराज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समस्याओं के समाधान की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *