25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान, हर ब्लॉक-तहसील में लगेंगे शिविर-मंत्री सुबोध उनियाल – Parvat Sankalp News

 25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ अभियान, हर ब्लॉक-तहसील में लगेंगे शिविर-मंत्री सुबोध उनियाल

सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तराखंड में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को सचिवालय में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में प्रदेशभर में लगाए जाने वाले बहुउद्देशीय शिविरों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला के मुताबिक, ‘सेवा सेतु’ अभियान 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक और तहसील स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिन तक संचालित होगा और कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग भी की जाएगी।

एक ही जगह मिलेगी योजनाओं की जानकारी

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। इसके लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल और प्रदर्शनी लगाए जाएंगे। शिविर में पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की जाएगी। जरूरतमंद लोगों को आवेदन पत्र भरने की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी, ताकि वे योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में होंगे मेडिकल कैंप

कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में स्वास्थ्य एवं मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अलावा लोगों को ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़े विषयों पर जागरूक किया जाएगा।

पुराने स्थानों से अलग जगहों पर लगेंगे शिविर

सुबोध उनियाल ने जिलाधिकारियों को प्रत्येक शिविर की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा है। इसमें शिविर की तारीख, स्थान, नोडल अधिकारी, संबंधित योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों का विवरण शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पहले आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों के स्थानों से अलग जगहों पर नए शिविर लगाए जाएं, जिससे अधिक संख्या में लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा सके। शिविरों के प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी होंगी प्रदर्शित

महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल के साथ लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। पात्र लोगों के चयन और आवेदन प्रक्रिया में सहायता देने के साथ उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा। बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा, सीसीएफ वन राहुल, सीडीओ देहरादून अभिनव शाह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *