मनीला:- दक्षिणी फिलीपींस के कोटाबाटो सिटी में चुनाव से ठीक पहले हिंसा की घटना सामने आई है। रविवार आधी रात से पहले एक मतदान केंद्र के बाहर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, यह घटना बांगसमोरो ऑटोनॉमस रीजन इन मुस्लिम मिंडानाओ (BARMM) में संसदीय चुनाव से ठीक पहले हुई। सोमवार को इस स्वायत्त क्षेत्र में पहली बार चुनी हुई संसद के गठन के लिए मतदान शुरू हुआ है। ऐसे में मतदान से कुछ घंटे पहले हुई हिंसा ने सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
कतार में जगह को लेकर हुआ विवाद
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मतदान के लिए लगी कतार में अपनी जगह को लेकर दो प्रतिद्वंद्वी राजनीतिक गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआती कहासुनी के बाद मामला धक्का-मुक्की और मारपीट तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में तीन लोगों की मौत हुई और 15 लोग घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, चुनाव में 13 राजनीतिक दलों के उम्मीदवार 80 संसदीय सीटों के लिए मैदान में हैं।
20 लाख से ज्यादा मतदाता, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
BARMM में चुनाव के दौरान किसी भी संभावित हिंसा को रोकने के लिए पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। मतदान केंद्रों और संवेदनशील इलाकों में 20,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दलों को भी तैयार रखा गया है। इसके बावजूद मतदान से पहले हुई गोलीबारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दशकों के संघर्ष के बाद स्वशासन की दिशा में बड़ा कदम
सोमवार को होने वाला मतदान मुस्लिम बहुल BARMM क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दशकों तक चले विद्रोह और हिंसा के बाद इस चुनाव को स्वशासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है। इस चुनाव में करीब 24 लाख पंजीकृत मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय साझेदारों और शांति निगरानी संगठनों की नजर भी इस चुनाव पर है। उनका मानना है कि चुनाव यह परखने का महत्वपूर्ण अवसर है कि 2014 में मनीला सरकार और मुस्लिम अलगाववादी समूहों के बीच हुए शांति समझौते के बाद क्षेत्र में दीर्घकालिक शांति कायम रह सकती है या नहीं।
संघर्ष में गई 1.20 लाख से ज्यादा लोगों की जान
BARMM की मौजूदा स्वायत्तता व्यवस्था उस लंबे संघर्ष को समाप्त करने के उद्देश्य से बनाई गई थी, जिसमें 1.20 लाख से अधिक लोगों की जान गई और करीब 20 लाख लोग विस्थापित हुए। ऐसे में पहली निर्वाचित संसद के लिए होने वाला यह चुनाव क्षेत्र के राजनीतिक भविष्य और शांति प्रक्रिया के लिए अहम माना जा रहा है।
राष्ट्रपति मार्कोस ने की मतदान की अपील
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने चुनाव को BARMM में स्थायी शांति, लोकतांत्रिक शासन और वास्तविक आत्मनिर्णय की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। राष्ट्रपति ने इसे क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश के लिए ऐतिहासिक और निर्णायक क्षण करार देते हुए मतदाताओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।