कुंभ मेला 2027: उत्तराखंड को केंद्र से मिला 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं-चावल – Parvat Sankalp News

कुंभ मेला 2027: उत्तराखंड को केंद्र से मिला 8,029 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं-चावल

हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के मुताबिक राज्य को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं और चावल उपलब्ध कराया गया है। आवंटन के तहत उत्तराखंड को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल अतिरिक्त रूप से दिया गया है। यह व्यवस्था हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़ी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की गई है।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अतिरिक्त आवंटन

केंद्र सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार कुंभ जैसे बड़े धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाले वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से कुंभ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त गेहूं और चावल आवंटित करने का अनुरोध किया था। राज्य की मांग पर खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने अब अतिरिक्त खाद्यान्न का आवंटन किया है।

सीएम धामी ने जताया केंद्र सरकार का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल तरीके से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार तैयारियों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर खाद्यान्न की अतिरिक्त उपलब्धता को आयोजन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *